पेयजल निगम की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे हैं। जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी अत्मलपुर बोंगला गांव में खोदी गई सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। जिससे ग्रामीणा बहुत परेशान हैं।
पेयजल निगम की ओर से अत्मलपुर बोंगला में ओवरहेड टैंक का निर्माण और गलियों में पाइप लाइन डाली जा रही है। गांव में पेयजल लाइन डालने के लिए अधिकारी सड़क खुदवाकर बनवाना भूल गए। सड़कों में गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश का पानी भरने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। गांव में भी संक्रामक रोग फैलने का डर सता रहा है। पेयजल निगम इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।
10 दिन पहले जिलाधिकारी को की थी शिकायत
अत्मलपुर बोंगला निवासी अजय कुमार ने 10 दिन पहले सड़क की मरम्मत मांग को लेकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया था। जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता को एक सप्ताह के अंदर गांव की सड़कें ठीक कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन 10 दिन बीतने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। उधर, अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता का कहना है कि जल्द मरम्मत करवाई जाएगी।