हरिद्वार। राज्यसभा सांसद तरुण विजय ने कहा कि टिहरी और उत्तरकाशी को रेल नेटवर्क से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के निर्माण में तेजी लाई जा रही है। इस दौरान सांसद निशंक ने कहा कि हरिद्वार से वाया कोटद्वार-रामनगर के मध्य भी रेलवे लाइन का सर्वे किया जाएगा।
शनिवार को रेलवे स्टेशन पर सांसद तरुण विजय ने डॉ. अंबेडकर प्रतीक्षालय और 32 बेड के रविदास रैन बसेरा का शिलान्यास किया। दो करोड़ की लागत से बनने वाले इस रैन बसेरे को आठ महीने में तैयार किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन पर स्टील की 50 बैंचें लगाई जाएंगी। रैन बसेरा 400 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर बनेगा। जिसमें नीचे वाले तल पर यात्री निवास और ऊपर वाली मंजिल पर वेटिंग रूम बनेेगा। यह वेटिंग रूम सभी सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इस दौरान सांसद तरुण विजय ने कहा कि वह एकमात्र ऐसे सांसद हैं जिन्होंने अपनी निधि से दो करोड़ से अधिक की धनराशि रेलवे को विकास कार्यों के लिए दी है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि तरुण विजय राज्यसभा में एक मात्र सांसद हैं जो उत्तराखंड की समस्याओं को उठाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार के रेल बजट से केंद्र की ओर से उत्तराखंड के लिए 458 करोड़ का बजट रखा है। लक्सर से हरिद्वार के दोहरीकरण 125 करोड़ का बजट रखा गया है। हरिद्वार से वाया कोटद्वार रामनगर के मध्य भी रेलवे का सर्वे किया जाएगा। सांसद प्रतिनिधि देशराज कर्णवाल ने कहा कि सांसद तरुण विजय ने यात्रियों के हित के लिए बड़ा काम किया है। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप कालरा, पूर्व दर्जाधारी पंकज सहगल, ज्वालापुर विधायक चंद्रशेखर भट्टेवाले, श्यामवीर सैनी, सुरेंद्र कुमार, दीपक अरोड़ा, उज्जवल पंडित, अनिरुद्ध भाटी, राजू मनोचा, गौरव सचदेवा, नरेश शर्मा, गोविंद दत्ता, कमला जोशी, बैजयंती माला, रीता चमोली, पूनम झा, राकेश नौटियाल, रेलवे के सीनियर डीसीएम पुष्पराज, वाईके त्रिपाठी, रामवीर सिंह, आरपीएफ प्रभारी संजीव राणा, सहायक स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह, जीएस परिहार, सुनील मलिक, एसआई इंदरकांत, जेपी बहुगुणा आदि मौजूद रहे।
‘आप हमारी रेल के पहिए’
हरिद्वार। सांसद तरुण विजय ने जैसे ही माइक थामा कुलियों का अभिवादन करते हुए उन्होंने कहा कि आप ही हमारी रेल के पहिए हैं, आप के बिना रेल चल नहीं सकती। आप ही हर गरीब और अमीर का बैग एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचाते हैं।
जल संस्थान से दो कनेक्शन लेगा रेलवे
पत्रकारों से वार्ता में डीआरएम प्रमोद ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर पानी की कमी को दूर करने के लिए रेलवे जल संस्थान से दो कनेक्शन लेगा। जबकि रेलवे की ओर से ट्यूबवेलों का निर्माण किया जा रहा है। शौचालयों के खस्ताहाल पर उन्होंने कहा कि भेल के सीएसआर के तहत रेलवे स्टेशन पर बॉयो टायलेट बनाने पर विचार चल रहा है।
रविदास मंदिर में की पूजा अर्चना
हरिद्वार। रेलवे स्टेशन पर रैन बसेरा का शिलान्यास करने के बाद सांसद तरुण विजय हरकी पैड़ी पहुंचे। वहां उन्होंने संत रविदास मंदिर में पूजा अर्चना की। मंदिर के निर्माण के लिए उन्होंने सांसद निधि से दस लाख रुपये देने की घोषणा की।