- महर्षि विद्या मंदिर में शिक्षक व्यावसायिक विकास कार्यक्रम संपन्न
हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित महर्षि विद्या मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय निरंतर व्यावसायिक विकास कार्यक्रम का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। इसमें शिक्षकों को व्यावसायिक विकास, शिक्षा, शिक्षा में एआई की उपयोगिता पर विशेष जानकारी दी गई। बतौर मुख्य अतिथि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. सुयश भारद्वाज ने आधुनिक शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर व्याख्यान दिया। सत्र के दौरान ज्योति हरबोला ने स्कीम ऑफ स्टडीज और विनय प्रकाश ने इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर व्यावहारिक सुझाव साझा किए। शिक्षकों को महर्षि शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष ब्रह्मचारी गिरिश का प्रेरणादायी संदेश प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने संदेश में मूल्य-आधारित शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि सभी शिक्षकों को नियमित रूप से ध्यान का अभ्यास निरंतर करना चाहिए, क्योंकि, यह मानसिक शांति और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव त्यागी ने कहा कि आज के बदलते दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीक शिक्षण का हिस्सा बन चुकी है। ऐसे में शिक्षकों का निरंतर नया सीखते रहना और खुद को अपडेट रखना बेहद जरूरी है और एक समृद्ध शिक्षक ही देश के भविष्य का सही निर्माण कर सकता है। कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। इसके साथ ही सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जया ज्योति, चारु शर्मा, श्रुति शर्मा, भावना चौहान, विनय कांडपाल, सुमन तनेजा, नीतू पांडे, नीरज गुप्ता, विक्रम सिंह मौजूद रहे।