हरिद्वार। कुंभ क्षेत्र विस्तार की मांग को लेकर मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद सरस्वती और उनके शिष्य आत्मबोधानंद सरस्वती की तपस्या शनिवार को भी जारी रही। स्वामी शिवानंद सरस्वती ने अपना मेडिकल परीक्षण नहीं कराया जबकि चिकित्सकों ने ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद सरस्वती के स्वास्थ्य की जांच की। वहीं उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष पीसी तिवारी ने शनिवार को मातृसदन पहुंचकर स्वामी शिवानंद सरस्वती के संघर्ष का समर्थन किया।
कुंभ क्षेत्र के विस्तार की मांग के समर्थन में ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद सरस्वती 15 फरवरी से और स्वामी शिवानंद 29 फरवरी से अनशन कर रहे हैं। स्वामी शिवानंद सरस्वती ने आरोप लगाया कि प्रशासन और सरकार मातृसदन को खत्म करने पर तुली हुई है। आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि मातृसदन के संघर्ष को समर्थन दिया वहीं मुख्यमंत्री हरीश रावत पर गंभीर आरोप लगाए। तिवारी ने कहा कि राज्य में माफियाराज चल रहा है।
मुख्यमंत्री हरीश रावत केवल हवाई घोषणाएं कर रहे हैं। अल्मोड़ा के नैनीसार में नियमों को ताक पर रखकर मुख्यमंत्री कीमती जमीन एक औद्योगिक घराने को लुटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ 13 मार्च को देहरादून में परेड ग्राउंड में दिनभर धरना देने की भी घोषणा की। इस दौरान पार्टी के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी, नेत्री रेखा धस्माना, नरेश मलासी और संजीव कुमार आदि मौजूद थे।