हरिद्वार। 40वीं वाहिनी पीएसी में बुधवार को 22वीं प्रादेशिक अंतरजनपदीय वाहिनी पुलिस तैराकी और क्रॉस कंट्री का शुभारंभ पुलिस मुख्यालय देहरादून विशेष प्रमुख सचिव एडीजी प्रशासन अमित कुमार सिन्हा ने किया। प्रतियोगिता में पुलिस व पीएसी के जवानों की टीम ने दमखम दिखाया। अफसरों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
आयोजन सचिव एवं सेनानायक प्रदीप कुमार राय, उप सेनानायक सुरजीत सिंह पंवार ने मुख्य अतिथि एडीजी प्रशासन अमित कुमार सिन्हा का स्वागत किया। 40वीं वाहिनी पीएसी में तीन दिन तक चलने वाली तैराकी एवं क्रॉस कंट्री में नौ जनपद, पांच वाहिनी, एसडीआरएफ जौलीग्रांट देहरादून व उत्तराखंड रेलवे सहित कुल 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। मार्शल बीरेंद्र सिंह कठैत ने मार्च-पास्ट कराया। इसके बाद एडीजी प्रशासन ने पीएसी में केंद्रीय पुलिस कल्याण भंडार के नवीन भवन व सप्तपदी स्थल के जीर्णोद्वार कार्य का उद्घाटन किया। तैराकी में 1500 मीटर फ्री स्टाइल, 100 मीटर बटर फ्लाई, 200 मीटर फ्री स्टाइल, 200 मीटर बैक स्ट्रोक, 200 मीटर ब्रेस्ट स्टोक, 50 मीटर बैक स्ट्रोक एवं 4×200 मीटर फ्री स्टाइल रिले में आईआरबी द्वितीय देहरादून, एसडीआरएफ जौलीग्रांट व 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार के प्रतिभागियों का दबदबा रहा।
सेनानायक पीके राय ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह पांच बजे से 10 किमी क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता होगी। आठ बजे तैराकी प्रतियोगिता में 400 मीटर व्यक्तिगत मिडले, 800 मीटर फ्री स्टाइल, 100 मीटर बैक स्ट्रोक, 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक, 50 मीटर बटर फ्लाई, 100 मीटर फ्री स्टाइल एवं 4×100 मीटर मिडले रिले कराई जाएगी। शुक्रवार को समापन मुख्य अतिथि जन्मेजय खण्डूरी डीआईजी पीएसी मुख्यालय की मौजदूगी में होगा। इस दौरान एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल, उपवा उपाध्यक्ष पूजा पंवार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर डॉ. सरिता नेगी पंवार, एसपी जीआरपी सरिता डोबाल, डॉ. चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, उप सेनानायक एटीसी हरिद्वार अरुणा भारती, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।