बहादराबाद। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बीआरसी-ईपी और सीआरपी-ईपी के चयन के लिए विकासखंड सभागार में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। कार्यक्रम अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया के तहत आयोजित परीक्षा में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़े अभ्यर्थियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि चयनित सीआरपी-ईपी विकास खंड क्षेत्र में ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने का कार्य करेंगे। इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आजीविका में सुधार लाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। संवाद