गुरुकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के गेट पर लगाया ताला
गुरुकुल आयुर्वेदिक कॉलेज में शोधार्थी छात्रों ने चार महीने से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज के गेट पर ताला लगा दिया। छात्रों ने उत्तराखंड आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनूप गक्खड़ को ज्ञापन सौंपा। वहीं एक सप्ताह के भीतर भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गुरुकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के शोधार्थी छात्रों को बीते अप्रैल माह से वेतन नहीं मिला है। शनिवार को छात्रों का सब्र का बांध जवाब दे गया। छात्रों ने कॉलेज परिसर में धरना देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उसके बाद छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। छात्रों ने कहा कि कॉलेज प्रशासन से बार बार मांग के बाद भी उनको मानदेय का भुगातन नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शन और तालाबंदी की सूचना पर उत्तराखंड आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनूप गक्खड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों का समझा बुझाकर शांत करवाया। कुलसचिव के आश्वासन पर छात्रों ने धरना समाप्त किया। छात्रों ने कहा कि मानदेय का भुगतान न होने फिर से आंदोलन शुरू किया जाएगा।