हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में दूसरे की जमीन को अपनी बताकर धोखाधड़ी कर 31.84 लाख की रकम हड़पने का मामला सामने आया है। रकम वापस मांगने पर दो प्रॉपर्टी डीलरों ने गाली-गलौज कर हत्या कर देने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, विपुल कुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी ग्राम अत्मलपुर बौंगला थाना बहादराबाद ने शिकायत दी। बताया कि वह और उनके दोस्त राजीव भटनागर की प्रवीण के माध्यम से गुड्डू सिंह चौधरी निवासी टिहरी विस्थापित काॅलोनी व पवन कुमार निवासी रावली महदूद से मिले थे। गुड्डू व पवन ने आन्नेकी हेत्तमपुर में उन्हें भूमि दिखाते हुए उसका मालिक खुद को बताया था। दो करोड़ 12 लाख 28 हजार में जमीन का सौदा तय हुआ। 22 फरवरी को नोटरी एग्रीमेंट कराने के बाद 31 लाख 84 हजार 200 रुपये आरके एसोसिएट कंपनी के खाते में ट्रांसफर किए। भूमि की रजिस्ट्री करने की बात पर दोनों लगातार टालमटोल करने लगे।
आरोप है कि बार-बार कहने पर भी भूमि के मालिकाना हक के दस्तावेज उन्हें नहीं दिए। जानकारी जुटाने पर सामने आया कि गुड्डू चौधरी और पवन कुमार के नाम आन्नेकी हेत्तमपुर में उक्त सम्पत्ति दर्ज ही नहीं है। इस बारे में उनसे पूछा तो गाली-गलौज करते हुए हत्या कर देने की धमकी दी। थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।