- कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर एक प्रॉपर्टी कारोबारी से 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, कृष्ण पाल पुत्र बाबूराम निवासी राधिका एन्क्लेव मिस्सरपुर ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। संजय कुमार निवासी मोहल्ला चाकलान, ज्वालापुर हाल पीएससी रोड, टिहरी विस्थापित कॉलोनी, सुभाष नगर और उसके साथी करण सिंह व उसके पुत्र मोनू निवासी गुर्जर घड़ी, डासना, थाना डासना, जिला गाजियाबाद, बालेंद्र निवासी ग्राम ब्रह्मपुरी रावली महदूद, सिडकुल से उनकी जान-पहचान हुई। चारों ने गाजियाबाद के डासना क्षेत्र में स्थित करीब पांच बीघा जमीन बेहद सस्ती दर पर खरीदने का प्रस्ताव दिया। विश्वास दिलाने के लिए भूमि की खतौनी दिखाई गई और साझेदारी में सौदा करने की बात कही। आरोप है कि इसी बहाने उनसे 12.50 लाख नकद लिए। उनके पुत्र की मोबाइल दुकान से करीब 53 हजार कीमत के तीन मोबाइल फोन भी लिए। वहीं, 14.75 लाख के दो चेक भी उन्हें दिए जिनका बाद में भुगतान रुकवा दिया गया। 20 अक्तृबर 2025 को सादे कागज पर रसीद तैयार कर हस्ताक्षर किए और बाद में पंजीकृत इकरारनामा कराने का आश्वासन दिया। काफी समय तक टालमटोल करने के बाद इन लोगों ने व्हाट्सएप पर इकरारनामे का मसौदा भेजा लेकिन उसके बाद सभी ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। आरोप है कि जांच-पड़ताल में उन्हें पता चला कि इनके खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। इसके बाद उन्होंने दोनों चेकों का भुगतान रुकवाया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।