- बारिश शुरू होते ही भूपतवाला क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
- दवा छिड़काव के अभाव में बढ़ रहा संक्रमण का खतरा
सप्तऋषि। सप्तऋषि, शांतिकुंज, श्यामलोक, हरिपुर कलां, दूधाधारी फ्लाईओवर, मोतीचूर फ्लाईओवर आदि के नीचे व भूपतवाला के आसपास के क्षेत्र में सड़कों और नालों की सफाई में लापरवाही के चलते बारिश शुरू होते ही मच्छरों, मक्खियों और कीटों का प्रकोप बढ़ गया है। स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और निवासियों का आरोप है कि कांवड़ मेला नजदीक होने के बावजूद जगह-जगह गंदगी फैली है, नालों की सफाई नहीं हो रही और अब तक दवा छिड़काव भी नहीं किया गया, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। क्षेत्र के अनेक आश्रम, बड़े होटल, स्थानीय निवासी और व्यापारी इस समस्या से प्रभावित हैं। स्वामी बैकुंठ दास ने बताया कि सीवरेज निर्माण कार्य के लिए गायत्री विहार के बाहर और जम्मू यात्री भवन के पास हाईवे सर्विस मार्ग पर बड़े गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, जबकि कॉलोनियों की नालियों में गंदगी जमा होने के बावजूद निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से बुजुर्गों और बीमार लोगों में संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने भी इस विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि खोदी गईं सड़कों के गड्ढे आम जनता के लिए जानलेवा बनते जा रहे हैं। वहीं व्यापारी सौरभ दुबे, उदयराज बिश्नोई, भास्कर, राजकुमार सहित कई लोगों ने प्रशासन से तत्काल सफाई, दवा छिड़काव और सड़क मरम्मत की मांग की है।