शहर का चैन छीन लेने वाले चेन स्नेचरों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने चार थानेदारों को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। उधर, चेन लूट को लेकर पुलिस का केंद्र बिंदु वेस्ट यूपी के जिले हैं। चेन लूट के बाद आनन फानन में चार टीमें गठित कर वेस्ट यूपी की अलग-अलग जगहों के लिए रवाना कर दी गईं। इससे पहले चेन लूट की एक के बाद एक हुई तीन घटनाओं पर रविवार को एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने बेहद नाराजगी जताई। अधीनस्थों को जमकर फटकारा। सूत्रों की माने तो एसएसपी ने ज्वालापुर, रानीपुर, कनखल और सिडकुल के एसओ इंस्पेक्टरों को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेन स्नेचरों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए है। साथ ही सीआईयू के भी पेच कसे गए। एसएसपी ने बताया कि चेन स्नेचरों की धरपकड़ की कोशिश तेज हो गई है। शहर क्षेत्र में सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पूरी कोशिश है कि चेन स्नेचर जल्द दबोच लिए जाएं।