शहर में चोरी की वारदातों ने आम लोगों की नींद उड़ा रखी है। चोर पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए कनखल, ज्वालापुर और हरिद्वार शहर कोतवाली के कई इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हाल ही में कई जगह चोरी कर लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और अन्य सामान चोरी किए जा चुके हैं। मगर, अभी तक कई चोरी के मामलों का पुलिस खुलासा तक नहीं कर पाई है।
शहर कोतवाली और ज्वालापुर, कनखल में चोरी की कई वारदातों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। रात में चोर घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। लेकिन अब पॉश कालोनियों में ही दिनदहाड़े ही चोरी कर फरार होने में कामयाब हो रहे हैं। जिससे पुलिस गश्त की लापरवाही खुलकर सामने आ रही है। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमे तो दर्ज कर लिए लेकिन अभी तक चोर हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं। हाल ही के कई ऐसे मामले हैं। जबकि कई मामलों में मुकदमे तक दर्ज नहीं हो पाते हैं।
ज्वालापुर कोतवाली की पॉश कालोनी योगी विहार में 27 सितंबर को दिनदहाड़े कारोबारी के घर में घुसकर चोर ने लाखों रुपये की नकदी, जेवर और डॉलर पर हाथ साफ कर दिया था। आरोपी भागता हुआ सीसीटीवी में कैद हो गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पर अभी तक चोर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका।
कनखल के जगजीतपुर चौकी क्षेत्र में राजागार्डन स्थित हनुमान मंदिर के समीप सराफा कारोबारी की दुकान में शटर उखाड़कर चोरी का प्रयास किया गया। आरोपी कैमरे में कैद हो गए। लेकिन पुलिस अभी तक चोरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई।
जगजीतपुर में ही कार्तिकेय अपार्टमेंट में बंद पड़े फ्लैट का ताला तोड़कर नकदी और जेवर चोरी कर लिए। बीते शुक्रवार को हुई वारदात में भी पुलिस के हाथ खाली हैं। जगजीतपुर क्षेत्र में बढ़ती वारदातों से लोगों में भी दहशत का माहौल है।
नगर कोतवाली के खड़खड़ी में सूखी नदी के पास बुधवार की रात थोक की दो दुकानों में चोरों ने लाखों रुपये के सूखे मेवे व अन्य खाद्य सामग्री के साथ ही नकदी चोरी कर ली। व्यस्ततम इलाके में पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर चोरी की घटना पुलिस के रात्रि गश्त की पोल भी खोल रही है। वहीं उत्तरी हरिद्वार में ही भाजपा नेता तरुण नैय्यर के घर पर हुई चोरी का आज तक खुलासा नहीं हो पाया है।
शहर कोतवाली, ज्वालापुर और कनखल क्षेत्र में चोरी के मामलों का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। जांच-पड़ताल चल रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- स्वतंत्र कुमार सिंह, एसपी सिटी हरिद्वार