- महिला सुरक्षा के लिए चेतक टीमें तैनात, देर रात तक चला चेकिंग अभियान
हरिद्वार। नए साल के जश्न के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंग पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। नववर्ष की पूर्व संध्या पर जिलेभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया और रातभर पुलिस टीमें मुस्तैद रहीं।एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। देर रात तक वाहनों की सघन चेकिंग की गई, जिसमें ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों पर विशेष फोकस रखा गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। महिला सुरक्षा पर भी पुलिस सतर्क है। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अभद्रता की घटनाओं को रोकने के लिए महिला चेतक टीमों को प्रमुख इलाकों में तैनात किया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने स्पष्ट किया कि नए साल के जश्न के नाम पर किसी भी तरह का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस टीमें लगातार गश्त करेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।