- जूना पीठाधीश्वर ने इस कालखंड को आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर बताया
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर एवं पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के नेतृत्व की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भरता, आत्मगौरव और सनातन सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का स्वर्णिम अध्याय बताया है। बुधवार को जारी वीडियो बयान में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व राष्ट्रीय पुनर्जागरण, लोकमंगल, धर्म और राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बना है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में करोड़ों गरीब परिवारों को मुफ्त खाद्यान्न, आवास और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। उज्ज्वला योजना से स्वच्छ ईंधन और जल जीवन मिशन से घर-घर जल पहुंचाने का कार्य हुआ है। स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि आधारभूत संरचना और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। इस दौरान अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम और केदारनाथ धाम का पुनर्विकास हुआ तथा भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर स्थापित कर विश्व में अपनी प्रतिष्ठा बढ़ाई है।