रुद्रपुर में हुई सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 आर्चरी टूर्नामेंट में डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जगजीतपुर हरिद्वार के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का जादू दिखाते हुए तीरंदाजी में तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता। स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने मेधावी खिलाड़ियों का स्वागत किया।
टूर्नामेंट 15 से 17 सितंबर तक डीपीएस रुद्रपुर में आयोजित किया गया था। इस टूर्नामेंट में 59 से अधिक स्कूलों ने भाग लिया था, लेकिन, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जगजीतपुर हरिद्वार के विद्यार्थियों ने अपनी आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। कंपाउंड बॉय अंडर-14 वर्ग में कबीर वर्मा, श्लोक सक्सेना और यथार्थ किमोठी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि रिकर्व गर्ल्स अंडर-14 वर्ग में वैष्णवी शर्मा ने कांस्य पदक जीता। डीएवी के विद्यार्थियों ने अपने प्रदर्शन से स्कूल का नाम रोशन किया। सीबीएसई राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट के लिए चयनित हुए हैं।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल अनिवार्य हैं। खेल मस्तिष्क और शरीर दोनों का विकास करते हैं। खेलों से भी अच्छा कॅरिअर बनाया जा सकता है।
कहा कि डीएवी संस्था विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अग्रसर है, जहां शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को अनेक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी मेडल प्राप्त करेंगे।