- बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला, सप्लायर की तलाश शुरू
बहादराबाद। पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 17 ग्राम स्मैक के साथ किया है। आरोपी के कब्जे से स्मैक बेचकर कमाए गए 1500 रुपये भी बरामद किए गए हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की देर रात पुलिस टीम श्मशान घाट रोड से नशा मुक्ति केंद्र की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान नहर की पुलिया पर खड़ा एक युवक पुलिस को देखकर खेतों की ओर भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोहेल निवासी ड्रीमलैंड होटल वाली गली, कस्बा बहादराबाद बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक मिली। सीओ संजय चौहान ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कांवड़ यात्रा के दौरान नशा करने वालों को स्मैक बेचने के लिए आया था। यह स्मैक उसने आरिफ निवासी सलेमपुर, रानीपुर से खरीदी थी। शुक्रवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया। सप्लायर की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।