- ठंड से बचाव के लिए लोगों को बांटे छह सौ कंबल
- जनपद में जल रहे 295 स्थानों पर राहत के लिए अलाव
हरिद्वार। सर्दी में नौ हजार लोगों के लिए रैन बसेरे रात काटने का साहरा बने हुए हैं। साथ ही लोगों को अलाव जलाकर भी राहत दी जा रही है। धर्मनगरी में लोगों को सर्दी से बचाने के लिए जिला अधिकारी मयूर दीक्षित की ओर से अनेक कदम उठाए गए हैं। इनमें निराश्रित लोगों को कंबल वितरित किए जा रहे हैं साथ ही अलाव भी जलाए जा रहे हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जनपद में बनाए गए 12 रैन बसरों में 8797 लोगों की ओर से प्रवास किया जा चुका है। 295 स्थानों पर अलावा जलाए जा रहे हैं। साथ ही फुटपाथ पर खुले आसमान के नीचे रात में सोने वाले लोगाें को 13 जनवरी तक 577 कंबल बांटे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि नेकी के घर में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार की ओर से व्यक्तिगत रूप से 15 नए कंबल जरूरतमंद लोगों के लिए दिए गए हैं। उधर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भी नेकी के घर में गर्म कपड़े दिए जाने की अपील की है जिन्हें लोगों की ओर से सर्दी में प्रयोग किया जा सके।