- सुरक्षित ड्राइविंग के लिए चालक और राइडर्स को बताए गए यातायात के नियम
एनएचएआई ने चालकों को पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ
हरिद्वार। ठंड के दिनों में सुरक्षित यातायात के लिए चालकों को यातायात के नियमों की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। हाईवे के किनारे आयोजित कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता एनएचएआई अतुल शर्मा ने बताया कि 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम विभिन्न चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। सत्र में सुरक्षित ड्राइविंग के लिए ड्राइवर्स और राइडर्स की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया। सभी को सुरक्षित गति और उचित फॉलोइंग दूरी बनाए रखने की अनिवार्यता बताई गई। इसके अलावा लेन अनुशासन और सुरक्षित ओवरटेकिंग की प्रक्रिया, डिफेंसिव ड्राइविंग तकनीक, हेलमेट का सही तरीके और अनिवार्य रूप उपयोग करने, थकान, शराब सेवन और मोबाइल फोन के उपयोग से बचाव, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, सड़क संकेत बोर्ड और मार्किंग की जानकारी के अलावा चालकों को दुर्घटना की स्थिति में आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के बारे में भी बताया गया। वहीं टीम ने वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर भी लगाए, जिससे कोहरे और रात की धुंध में बड़े वाहनों की जानकारी मिल सके।