शिवालिक नगर क्षेत्र में शुक्रवार की रात गली में टहल रहे एक व्यक्ति से मोबाइल छीनकर भाग रहे बाइक सवार दो लोगों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। दोनों की धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, सूर्य प्रकाश तिवारी निवासी आर-141, शिवालिक नगर गली में टहल रहे थे। तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया और भागने लगे। उन्होंने शोर मचाते हुए आरोपियों के पीछे दौड़ लगा दी। इसी बीच आरोपियों की बाइक कार से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद दोनों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। तभी पीछे से सूर्यप्रकाश भी पहुंच गए। मोबाइल छीनने की बात मालूम होने पर दोनों की लोगों ने धुनाई कर दी। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। रानीपुर कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह तनवार ने बताया कि आरोपी रोहन निवासी गुरुनानक स्कूल के पास शिवपुरी प्रेमनगर देहरादून और कुलदीप निवासी बनियावाला चौक प्रेमनगर थाना बसंत विहार देहरादून को गिरफ्तार कर लिया गया।