सप्तऋषि। महानगर व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने अपर कुंभ मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती से मुलाकात कर जनहित से जुड़े स्थायी कार्य कराने की मांग की। इस संबंध में मांग पत्र सौंपा गया। जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि दूधाधारी से रेलवे स्टेशन तक प्रमुख स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाई जाए, जिससे हरकी पैड़ी नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालु गंगा आरती के लाइव दर्शन कर सकें। भीड़ का दबाव कम करने के लिए फ्लाईओवरों के नीचे स्थायी सुलभ शौचालय और तिराहे-चौराहों पर पेयजल प्याऊ बनाने की मांग भी रखी गई। सप्तऋषि से सिंहद्वार तक घाटों की क्षतिग्रस्त रेलिंग-चेन बदलने, भीमगोड़ा और सर्वानंद अंडरपास में सीसी रोड बनाने व सिंहद्वार से शांतिकुंज तक फ्लाईओवरों के अंडरपास अतिक्रमण मुक्त कर सुंदरीकरण कराने की मांग की गई। अपर कुंभ मेला अधिकारी ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में गौरव भाटिया, भागीरथ प्रजापति और देवेंद्र गोयल आदि मौजूद रहे। संवाद