पथरी। रानीमाजरा में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी आवासीय विद्यालय) में बुधवार को मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 47 छात्राओं ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता, स्वास्थ्य प्रबंधन और सामाजिक भ्रांतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर डेवलपमेंट कंसोर्टियम टीम से अतुल आजाद और हिमांशी उपस्थित रहे। छात्राओं ने वीडियो फीडबैक के माध्यम से अपने विचार साझा किए। छात्रावास प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता जागरूकता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। छात्रावास वार्डन तनु चौहान और अनुदेशिका पूर्णिमा, स्वाति और अदिति सोनी ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग किया।