थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों ने ट्रक की हल्की टक्कर लगने के बाद हंगामा कर दिया। ट्रक का शीशा तोड़ डाला। ट्रक में तोड़फोड़ करने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कई बार क्षेत्र में कांवड़िए हुड़दंग मचा चुके हैं, जिससे पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सोमवार देर रात बढ़ेडी राजपूताना के पास नेशनल हाईवे से जल भरकर कांवड़ यात्री अपने गंतव्य की तरफ लौट रहे थे। तभी रुड़की की तरफ से जा रहे एक ट्रक की हल्की सी टक्कर कांवड़ियों के वाहन में लग गई। कांवड़ियों ने ट्रक को रोक लिया। इसके बाद चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं वाहन के ऊपर चढ़कर शीशा भी तोड़ डाला।
ये भी पढ़ें...उत्तराखंड में बारिश-भूस्खलन: गंगोत्री हाईवे बंद, बरसाती नाले उफान पर, घरों में घुसा पानी, मौसम विभाग का अलर्ट
कुछ देर कांवड़ियों ने बीच सड़क हंगामा किया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कांवड़ यात्री किस प्रकार से ट्रक के शीशे को तोड़ रहे हैं। इस घटना ने पुलिस व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बहादराबाद थाना क्षेत्र में इस प्रकार की ये की चौथी घटना है। पुलिस ने अपील है कि कांवड़ यात्री संयम और शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की हिंसा से बचें। उधर, एसओ नरेश राठौड़ का कहना है कि मामले में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।