अंकिता हत्याकांड के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल के आह्वान पर उत्तराखंड बंद का शहर में कोई असर देखने को नहीं मिला। हरिद्वार के सभी बाजार अन्य दिनों की तरह खुले। उधर पथरी क्षेत्र में आदर्श टिहरी नगर में बाजार बंद रहा। अंकिता को श्रद्धांजलि देकर हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की गई।
यूकेडी ने उत्तराखंड बंद का आह्वान किया था। रविवार को हरिद्वार शहर में यूकेडी का काई भी कार्यकर्ता बंद को लेकर सड़कों पर नजर आए। इसलिए बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले। बंद के आह्वान को देखते हुए पुलिस प्रशासन की तरफ अलर्ट जारी किया गया था। रविवार को एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत थाना और कोतवालियों से जानकारी लेते रहे। मालूम हो कि भाजपा नेता रहे विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य के रिजार्ट में काम करने वाली अंकिता भंडारी की हत्या के बाद से प्रदेश में हर तरफ लोगों में गुस्सा है। पुलकित आर्य सहित तीन आरोपियों को पौड़ी पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले की एसआईटी भी जांच कर रही है।
दूसरी तरफ शनिवार की देर शाम को आदर्श टिहरी नगर में ग्रामीणों ने समाजसेवी विक्रम खरोला और आशा डोभाल के नेतृत्व में अंकिता भंडारी की आत्मा की शांति के लिए कैंडल मार्च निकाला था। आदर्श टिहरी नगर में रविवार को ग्रामीणों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बाजार बंद रखे और अंकिता को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर कृष्णानंद डंगवाल, नरेश डंगवाल, उम्मेद सिंह रावत, जितेंद्र कुमार, ऋतु रावत आदि मौजूद रहे।