हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में ऑपरेशन लगाम के तहत पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से अवैध हूटर व एम्प्लीफायर जब्त करते हुए एमवी एक्ट में चालान कर दिया।
बृहस्पतिवार को पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक यूपी नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो बहादराबाद टोल प्लाजा की ओर से चौकी शांतरशाह की दिशा में तेज आवाज में हूटर बजाते हुए आ रही है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार ने चौकी पर तुरंत बैरियर लगाकर नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध वाहन को रोका गया। चेकिंग के दौरान पुलिस को वाहन में अवैध रूप से लगा हूटर और एम्प्लीफायर मिला, जिसे चालक सार्वजनिक स्थान पर तेज आवाज में बजा रहा था। इस हरकत से क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका थी। पुलिस ने मौके पर ही हूटर और एम्प्लीफायर को वाहन से निकाल कर जब्त कर लिया। चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की।