रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से हथियार के बल पर दुष्कर्म किया गया। गुरुग्राम पुलिस ने घटनास्थल हरिद्वार का होने से मुकदमा रानीपुर ट्रांसफर कर दिया है। पुलिस ने आरोपी और उसके फूफा, मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती ने गुरुग्राम पुलिस को शिकायत देकर बताया कि श्यामपुर कांगड़ी निवासी कपिल सिंह आते-जाते परेशान करता था। आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में घर में अकेला देख पिस्टल से डराकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। साथ ही अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए लगातार दुष्कर्म करता रहा। आरोपी के फूफा मनोज चौहान ने भी जबरदस्ती करने की कोशिश की।
आरोप है कि मई माह में वह बहन के घर गुरुग्राम चली गई। यहां भी कपिल आकर उसे जबरदस्ती एक होटल में ले गया। इसके बाद उससे दुष्कर्म किया। जुलाई माह में गाजियाबाद के कविनगर स्थित आर्य समाज मंदिर ले गया। यहां उसके फूफा और कपिल ने युवती से दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराते हुए शादी करने की बात कही। आरोप है कि अगस्त में गुरुग्राम आकर एक होटल में ले गया। जहां फिर से दुष्कर्म किया। कपिल की मां ने बीते नौ नवंबर को फोन कर कौशांबी मेट्रो स्टेशन दिल्ली बुलाकर जबरदस्ती कार में ले जाने की कोशिश की। मगर वह किसी तरह बचकर भाग निकली। रानीपुर कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह तनवार ने बताया कि गुरुग्राम से ट्रांसफर होकर आए मामले में आरोपी कपिल, मनोज चौहान, सुनीता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।