क्षेत्र में सोमवार को लंपी बीमारी से चार दुधारू पशुओं की मौत हो गई। क्षेत्र में लंपी बीमारी बढ़ने से पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है।
राजू चौहान व सुभाष सैनी निवासी बादशाहपुर की दुधारू गाय, धूम सिंह चौहान निवासी हरसीवाला की दुधारू गाय, वरुण चौहान निवासी हरसीवाला की दुधारू भैंस की लंपी बीमारी से मौत हो गई। क्षेत्र में कई गांवों में पशुओं में बीमारी फैल रही है। काफी पशु इस बीमारी की चपेट में आ गए हैं। इस बीमारी से पशुओं के शरीर पर मोटे-मोटे फफोले पड़ रहे हैं। बाद में यह फफोले जख्म का रूप ले लेते हैं। इस बीमारी से पशुओं की हालत दिन प्रतिदिन बिगड़ रही है।
इस बीमारी को लेकर पशु पालकों की नींद उड़ी हुई है। राम कुमार, महेंद्र, अशोक, राजेंद्र आदि पशुपालकों का कहना है कि लंपी बीमारी से पशुओं में सूजन व मुंह में छाले पड़ रहे हैं। पशुओं ने चारा खाना छोड़ दिया है। ग्रामीणों के अनुसार शिवगढ़, फूलगढ़, गोविंदगढ़, दुर्गागढ़, धारीवाला, हरसीवाला, टिकौला, शाहपुर, बादशाहपुर, नसीरपुर कलां, शेरपुर, भट्टीपुर, रानीमाजरा, चांदपुर समेत कई गांवों में पशुओं में लंपी बीमारी फैल रही है।