- नगर कोतवाली क्षेत्र का मामला, सोने की चेन-नकदी गायब होने का भी आरोप
हरिद्वार। हरकी पैड़ी क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित कन्हैया लाल की गद्दी पर तीर्थ पुरोहित प्रकाश चंद रुवाली के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि 31 अक्तूबर को सुधीर, ऋषभ, सोनू, व्यास हिमांशु गुप्ता और अन्य लोगों ने गाली-गलौज कर प्रकाश चंद के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उनकी नकदी और सोने की चेन भी गायब हो गई। प्रकाश चंद रुवाली निवासी शिवदयाल जी की हवेली, बड़ा बाजार के अनुसार, वह गद्दी पर जजमानों का कर्मकांड करा रहे थे, तभी आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। नितिन सोती, ललित भट्ट और केशव दत्त ने उन्हें बचाया। आरोप है कि मेडिकल कराने के बाद पुलिस चौकी जाते समय मोतीपुरी के सामने सुधीर और हिमांशु गुप्ता समेत 15 से 20 लोगों ने उन्हें और उनके भाई नितिन को घेरकर दोबारा पीटा। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद भयभीत होने के कारण शिकायत देने में देरी हुई। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।