हरिद्वार। सस्ता गल्ला विक्रेताओं की दुकानें बंद मिलने पर छह डीलरों पर जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उन्हें लापरवाही बरतने पर लाइसेंस सस्पेंड करने चेतावनी भी दी गई है।
अगस्त में पूर्ति निरीक्षक कनखल और हरिद्वार शहर पूर्ति निरीक्षक की ओर से धर्मनगरी के सस्ते गल्ले की दुकानों पर दोपहर बाद औचक छापेमारी की गई थी, क्योंकि, दोपहर बाद दुकानें नहीं खुलने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर पूर्ति निरीक्षकों ने छापेमारी अभियान चलाया गया था। थोक केंद्रीय उपभोक्ता भंडार की सती घाट कनखल की सस्ते गल्ले की दुकान, दक्ष मंदिर कनखल के राशन डीलर सचिन राही, मनोहरपुरम कनखल के तीरथ लोधी, लाटोवाली गली कनखल की राजरानी, निरजंन अखाड़ा के निकट संतोष भाटिया और ब्रह्मपुरी के राशन डीलर विद्याकुल की सस्ते गल्ले की दुकान बंद पाई गई थी। दुकान बंद मिलने की रिपोर्ट जिला खाद्य आपूर्ति को भेजी गई थी। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह ने पर डीलरों पर पांच-पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि फिर से दुकान बंद मिली तो लाइसेंस सस्पपेंड करने की कार्रवाई की जाएगी।