नगर कोतवाली क्षेत्र में महिला सिपाही ने हेड कांस्टेबल पति पर मारपीट कर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक खड़खड़ी चौकी में तैनात महिला सिपाही भारती रावत ने अपने पति हेड कांस्टेबल दीपक राठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि मंगलवार को यातायात लाइन कमलदास कुटिया स्थित अपने कमरे पर खाना खाने के लिए पहुंची। जहां पति पहले से था और अंदर कमरे की लाइटें बंद थी। लाइट जलाने का प्रयास करते ही पति ने पिटाई कर दी। गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
आरोप है कि ड्यूटी पर होने के चलते वह वर्दी में थी, मारपीट के दौरान उसकी वर्दी भी फट गई। आरोप लगाया कि तीन महीने पहले भी उसने पति से परेशान होकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी लेकिन सहकर्मियों ने बचा लिया था। दोनों बच्चों को भी अपने मायके भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।