- नवभारतीय किसान संगठन ने डीएम और जिला सहायक निबंधक को भेजा ज्ञापन
पथरी। नवभारतीय किसान संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की सहकारी समितियों में यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग के लिए शनिवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी और जिला सहायक निबंधक को ज्ञापन भेजकर जल्द खाद उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी सुखदेव पाल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र यूरिया की आपूर्ति नहीं हुई तो किसानों के साथ संबंधित अधिकारियों का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बताया कि पथरी (विस्थापित), धनपुरा (कटारपुर) और बादशाहपुर स्थित किसान सेवा सहकारी समितियों में पिछले करीब एक माह से यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है। इससे क्षेत्र के लगभग 40 गांवों के किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान रोजाना समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है। इस समय धान, गन्ना और सब्जियों की फसलों में यूरिया की सबसे अधिक आवश्यकता है। समय पर खाद नहीं मिलने से फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। प्रदर्शन करने वालों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तराखंड प्रभारी सुखदेव पाल, जिला प्रभारी अमन कश्यप, जिलाध्यक्ष मंगेश कुमार, प्रदेश अध्यक्ष कमला देवी, युवा जिलाध्यक्ष टिंकू राणा, युवा प्रदेश महासचिव रविंद्र पाल, तहसील अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष संजय कुमार, ग्राम अध्यक्ष अजयपाल आदि शामिल रहे।