हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में कंपनी में ड्यूटी के लिए जा रहे एक फैक्टरी कर्मचारी को लोडर वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार की सुबह की है। प्रेम सिंह (46) पुत्र हरकेश निवासी अलीपुर दामोदर उर्फ लल्लावाला थाना कोतवाली देहात जिला बिजनौर सिडकुल में अपने कमरे से एसकेएफ कंपनी में ड्यूटी करने के लिए जा रहा था। हरि चौक के समीप छोटा हाथी लोडर वाहन के चालक हर्ष देव उर्फ हनी ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।