हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में घर घुसकर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से महिला और उसकी ननद के साथ मारपीट और अभद्रता की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, सोनी पत्नी फरमान निवासी कड़च्छ अहबाबनगर काॅलोनी ने शिकायत देकर बताया कि छह मई की रात करीब 11:30 बजे मंगता, मुंतजीर, तनवीर और इंतजार जबरन उसके घर में घुसे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर ननद अफशा मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्रता की। आरोप है कि मौके पर फरहाना, अमन, फुरकान और अन्य लोग पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के जाने के कुछ ही देर बाद आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया। आरोप लगाया कि आरोपी उसके मकान के सामने दीवार बनाकर तीन दरवाजे लगा चुके हैं, जिससे उसका रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।