- एसडीओ सचिन सचदेवा ने ग्रामीण के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। नसीरपुर कलां में ऊर्जा निगम की टीम ने ग्रामीण के यहां बिजली चोरी पकड़ी है। इस संबंध में निगम के एसडीओ सचिन सचदेवा ने पुलिस को ग्रामीण के खिलाफ बिजली चोरी की तहरीर दी है। टीम ने बादशाहपुर, धारीवाला, शेरपुर, भट्टीपुर समेत कई गांवों में भी सघन जांच की। इस दौरान 10 बिल बकायादारों के कनेक्शन काटे। इन उपभोक्ताओं पर करीब नौ लाख रुपये बकाया था। बिल बकायादारों से डेढ़ लाख रुपये नकद वसूल किए गए। ऊर्जा निगम के जेई राधेश्याम ने बताया कि बार-बार बिजली बिल बकायादारों से धनराशि जमा करने की अपील की जा रही है। इसके बाद भी बिजली बिल बकायादार धनराशि जमा नहीं कर रहे हैं। इसलिए कनेक्शन काटे जाने का अभियान चलाया गया है। एसडीओ सचिन सचदेवा ने बताया कि आगे भी गांव-गांव जाकर बिल बकायादारों के कनेक्शन काटे जाएंगे। ऊर्जा निगम के उप महाप्रबंधक प्रदीप चौधरी का कहना है कि बिजली चोरी और बिल बकायादारों से वसूली में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।