बहादराबाद क्षेत्र के ग्रैंड लज्जा होटल में मालिक और लीजधारक के बीच चल रहे विवाद में कोर्ट ने विद्युत कनेक्शन को लेकर लीजधारक को राहत दी है। कोर्ट के आदेश पर ऊर्जा निगम ने होटल में नया कनेक्शन देकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी है।
दीपिका इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक व डायरेक्टर देवेंद्र सिंह राघव ने मीडिया को दस्तावेज दिखाते हुए बताया कि उन्होंने साल 2021 में भीमगोड़ा निवासी से बहादराबाद में होटल दी ग्रैंड लज्जा सात साल की लीज पर लिया था। साल 2023 में होटल में काम पूरा होने के बाद बुकिंग शुरू हुई।
आरोप लगाया कि मालिक ने होटल खाली कराने के लिए शिकायतें की थी, इसके बाद ऊर्जा निगम ने होटल का विद्युत कनेक्शन भी काट दिया था। उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए होटल में कनेक्शन देने के आदेश दिए। आदेश का पालन कर ऊर्जा निगम ने विद्युत कनेक्शन बहाल कर दिया। इस संबंध में ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अर्जुन प्रताप से संपर्क किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।