- कमरों में रखा सामान बिखेरा, ग्रामीणों के शोर मचाने पर जंगल की ओर लौटे हाथी
लालढांग। लालढांग स्थित जनता जूनियर हाईस्कूल में शुक्रवार रात हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने विद्यालय का गेट और कमरों के दरवाजे तोड़ दिए। अंदर रखा सामान इधर-उधर बिखेर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथी जंगल की ओर लौट गए। शुक्रवार रात ग्रामीणों को विद्यालय की ओर से तोड़फोड़ की आवाजें सुनाई दीं। इस पर ग्रामीण एकत्र होकर स्कूल पहुंचे। वहां एक हाथी अपने बच्चे के साथ स्कूल परिसर में घुसा हुआ था। हाथियों ने गेट तोड़ने के बाद कई कमरों के दरवाजों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों ने हल्ला मचाकर किसी तरह हाथियों को वहां से भगाया। जनता जूनियर हाईस्कूल पौड़ी जिले के अंतर्गत आता है। विद्यालय आबादी से कुछ दूरी पर जंगल से सटा होने के कारण यहां हाथियों और गुलदार की आवाजाही बनी रहती है। प्रधानाचार्य यतेंद्र गॉड ने बताया कि हाथी पीछे की ओर से स्कूल परिसर में घुसे और दरवाजे तोड़ दिए। कमरों में रखा सामान भी इधर-उधर फेंक दिया गया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी हाथियों ने विद्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की थी। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।