हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के बीएचईएल सेक्टर तीन में 11 नवंबर की सुबह स्कूटी सवार दो युवकों ने 69 वर्षीय बुजुर्ग से सोने की अंगूठी छीन ली और सिडकुल व शिवालिक नगर की ओर फरार हो गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बीएचईएल टाउनशिप निवासी मनीष द्विवेदी ने बताया कि उनके पिता सुबह करीब 10 बजे घर से मध्य मार्ग की ओर जा रहे थे। लीडो क्लब के पास दो युवक स्कूटी से उतरे और उन्हें पकड़कर हाथ से सोने की अंगूठी निकालली। इसके बाद धक्का देकर फरार हो गए। बुजुर्ग ने सुबह 10:50 बजे डायल 112 पर सूचना दी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। आरोपियों के सुराग मिले हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।