शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में कुलपति आवास का शिलान्यास किया। रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि 2025 तक प्रदेश के एक लाख लोगों को संस्कृत बोलने में सक्षम बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के संकल्प को पूरा करने में संस्कृत विश्वविद्यालय की भूमिका अहम है। विगत वर्षों में संस्कृत विश्वविद्यालय ने अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किया है। हरिद्वार शहर में मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो गया है और उसमें इसी वर्ष से मेडिकल की पढ़ाई प्रारंभ हो जाएगी। सरकार ने प्राथमिक स्तर पर शिक्षकों की कमी को दूर कर लिया है और उच्च शिक्षा में भी शिक्षकों की कमी को दूर करने का काम किया जा रहा है।
इस दौरान विधायक रानीपुर आदेश चौहान, संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार, कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री, डॉ. शैलेश तिवारी, लखेंद्र गोथियाल, संस्कृत भारती के प्रांत संगठन मंत्री गौरव शास्त्री, संस्कृत शिक्षा निदेशक डॉ. आनंद भारद्वाज, उपकुलसचिव दिनेश राना, डॉ. अरविंद मिश्र, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. उमेश शुक्ल, डॉ. अरुण मिश्र आदि मौजूद रहे।