कनखल थाना क्षेत्र के जमालपुर कलां में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के आंवटन की प्रकिया के दौरान क्षेत्र की महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने हाजिरी रजिस्टर को फाड़ दिया, वहीं रोकने पर वीडीओ अमनप्रीत कौर के साथ धक्का-मुक्की भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह महिलाओं को समझा बुझाकर शांत करवाया। वीडीओ की तहरीर पर पुलिस ने कई महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जमालपुर में नई सस्ते गल्ले की दुकान का आवंटन किया जाना है। राशन कार्ड लाभार्थियों की संख्या अधिक होने के चलते नई दुकान के आंवटन की प्रकिया शुरू की गई थी। शुक्रवार को वीडीओ अमनदीप कौर टीम के साथ आवंटन प्रक्रिया के लिए गांव में पहुंची। गांव के पंचायत भवन में आंवटन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान अचानक कुछ महिलाएं पंचायत घर घुस गई। आरोप है कि क्षेत्रीय महिलाओं ने वीडीओ अमनप्रीत कौर के साथ धक्कामुक्की और अभद्रता की। हंगामे की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी देवेंद्र तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत करवाया। शाम को वीडीओ ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, धक्का मुक्की, सरकारी दस्तावेज फाड़ने आदि आरोप लगाते हुए ईशा छावड़ा, पूनम प्रजापति, ज्योति समेत महिलाओं के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।