बुधवार रात को तेज बारिश व हवा चलने और बृहस्पतिवार को भी बारिश से बिजली की लाइनों में फाल्ट आ गया। शहर के कई इलाकों में बुधवार रात के साथ बृहस्पतिवार दिन में बिजली की आपूर्ति बाधित रही। हजारों उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में बिजली गुल होने के साथ पानी की आपूर्ति भी बंद हो गई।
बुधवार रात को शहर में तेज बारिश के साथ हवा भी चली। हवा चलते ही कई जगह बिजली की लाइनों में फाल्ट आ गया। कई इलाके लोगों को रात के समय बिना बिजली के रहना पड़ा। ऊर्जा निगम के अधिकारी औ कर्मचारियों ने सुबह के समय फाल्ट ढूंढकर आपूर्ति बहाल की। इसके बाद भी बृहस्पतिवार को भी दिनभर बिजली का आना और जाना लगा रहा।
बृहस्पतिवार को ज्वालापुर, कनखल, जगजीतपुर, उत्तरी हरिद्वार के साथ ही मध्य हरिद्वार के लोग बिजली की आंख मिचौली से परेशान रहे। ज्वालापुर के चौहानान, हज्जाबान, पीठ बाजार, पुरानी अनाज मंडी, पांवधोई सहित कई क्षेत्रों में बिजली गुल होने के साथ ही जलापूर्ति बाधित हो गई।
मध्य हरिद्वार में मॉडल कालोनी, विवेक विहार, नया हरिद्वार, टिबड़ी, शिवलोक कालोनी आदि क्षेत्रों में साढ़े तीन बजे विद्युत सप्लाई ठप हो गई। फिर डेढ़ घंटे बाद चालू हो पाई। भेल में कई जगहों पर पेड़ की टहनियां लाइनों पर गिर गई। वहीं सुभाषनगर सहित कई जगहों पर इंसुलेटर में खराबी आने से विद्युत सप्लाई ठप रही। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार का कहना है कि बारिश और हवा चलने से कई जगहों पर फाल्ट होने से सप्लाई बाधित हुई।