हरिद्वार। पिछले तीन दिन से राजा गार्डन के वार्ड-58 की दो गलियों में पीने का पानी नहीं मिल पा रहा था। पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई थी। जल निगम और जल संस्थान के अलावा वर्ल्ड बैंक की परियोजना से बिछाई गई नई लाइन के प्रोजेक्ट मैनेजर तक समस्या का समाधान नहीं कर रहे थे। कॉलोनीवासियों की शिकायत पर अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों की टीम कॉलोनी में पहुंची और लाइन को दुरुस्त कराया।
राजा गार्डन के निवासी रविवार से ही पेयजल किल्लत से जूझ रहे थे। वहीं, कई घरों के लोग मिलकर पानी का टैंकर खरीदकर तीन दिन से काम चला रहे थे। कॉलोनी के लोगों ने प्रोजेक्ट मैनेजर से लेकर जल संस्थान तक के अधिकारियों से शिकायत की। अधिशासी अभियंता ने टीम गठित कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराया। दोपहर बाद से ही लोगों के घरों में पानी पहुंचा और कई घरों में रुके हुए कार्य पूरे किए गए।