Iकमिश्नर गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों का लिया जायजाI
मंडलायुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने लोकसभा सामान्य निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भय रहित बनाने के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा। मंडलायुक्त ने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने वाली विभिन्न प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना होगा। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जाए।
मंडलायुक्त विनय शंकर पांडेय ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि छोटी से छोटी चूक बड़ी समस्या बन सकती है। परिणाम को प्रभावित कर सकती है। इसलिए निर्वाचन से जुड़े सभी कार्मिक अपने अपने कार्यों एवम दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता, तन्मयता से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सख्ती से आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदान समाप्ति पर पीठासीन अधिकारी दरवाजा बंद करके कोई भी काम नहीं करेंगे। दरवाजे को खुला रखकर ही मशीन सील की जाए और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम पर सीसीटीवी से नजर रखी जाए। सुरक्षात्मक दृष्टि से सभी वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान पार्टियों को दूरी के आधार पर प्राथमिकता से रवाना किया जाएगा।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने जनपद की सामाजिक एवम भौगोलिक परिस्थितियों, लोकसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या, बूथों की संख्या, ईडीसी, पोस्टल बैलेट, मतदान पार्टियों, सेक्टर एवम जोनल मजिस्ट्रेट, एफएसटी, एसएसटी, वीएसटी, एमसीएमसी सहित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने जनपद में कानून एवम शांति व्यवस्था के साथ ही अब तक की गई इनफोर्समेंट की कार्यवाही, गैंगस्टर एक्ट, गुण्डा एक्ट, एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत की गई कार्यवाही की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी तथा एसएसपी ने केंद्रीय विद्यालय में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहे तथा परिंदा भी पर न मार सके। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर सुरक्षात्मक दृष्टि से दीवार बनाने, बेरिकेटिंग करने के निर्देश दिए।
आईजी गढ़वाल करन सिंह नगन्याल, सीडीओ प्रतीक जैन, एसपी स्वतंत्र कुमार सिंह, पंकज गैरोला, एसके सिंह, मुख्य कोषाधिकारी रोमिल चौधरी, एडीएम पीएल शाह, दीपेंद्र नेगी, एसडीएम मनीष सिंह, अजयवीर सिंह, कुश्म चौहान, जितेंद्र सिंह, युक्त मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।