- हिंदू जागरण मंच ने एसएसपी को दिया ज्ञापन
हरिद्वार। हिंदू जागरण मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार नवनीत भुल्लर से कैंप कार्यालय पर मुलाकात की। उनसे मंगलौर नगर में तेजी से बढ़ रहे पशुओं के अवैध कटान और गोकशी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। हिंदू जागरण मंच के जिला सह संयोजक उत्तम सैनी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को बताया कि मंगलौर क्षेत्र में पशुओं के अवैध कटान की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इनसे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व कानून को ताक पर रखकर इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं जो सामाजिक सौहार्द के लिए भी खतरा है। प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। कहा कि पशुओं के अवैध कटान करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर मंगलौर नगर संयोजक आलोक शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद