पथरी। बादशाहपुर गांव में पंचायत घर पर ग्राम पंचायत अधिकारी के नियमित रूप से न बैठने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने डीएम और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि ग्राम पंचायत अधिकारी सप्ताह में कम से कम एक दिन पंचायत घर में बैठें, ताकि लोगों के कार्य समय पर हो सकें। आशीष सैनी, शानू शर्मा, फौजी सैनी, मोहित सैनी और मांगेराम सैनी सहित ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक माह से अधिक समय से ग्राम पंचायत अधिकारी पंचायत घर पर नहीं आ रहे हैं। इसके चलते ग्रामीणों के जरूरी कार्य लंबित पड़े हैं। उनका आरोप है कि विकास खंड मुख्यालय पर भी अधिकारी आसानी से नहीं मिलते, जिससे लोगों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित अधिकारियों का घेराव करेंगे। वहीं ग्राम पंचायत अधिकारी केएस नेगी का कहना है कि उनकी एसआईआर ड्यूटी लगी हुई है, जिसके कारण उन्हें संबंधित गांवों में जाना पड़ रहा है।