हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में संविधान-विरोधी नारे लगाए जाने और मस्जिद में नमाज अदा करने से रोकने की घटना पर सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एसपी क्राइम को एसएसपी के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. राव फाजिल मरगूब ने कहा कि संविधान, कानून के शासन और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए सभी संगठनों का एक मंच पर आना सकारात्मक संदेश है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की अपेक्षा जताई। वहीं, चमार-वाल्मीकि महासंघ के अध्यक्ष भंवर सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता प्रदान करता है। यदि कोई व्यक्ति संविधान और कानून से ऊपर उठकर किसी के अधिकारों का हनन करता है तो उसके विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।