- संविदा कर्मचारियों को किया जाए नियमित, 60 प्रतिशत मिले महंगाई भत्ता
हरिद्वार। उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल के नेतृत्व में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न मांगें रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष श्रेणी और संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, कुंभ मेले के लिए नई बसों की व्यवस्था, निगम के बेड़े में हर वर्ष नई बसें शामिल करने, वेतन व अन्य देयकों का समयबद्ध भुगतान, अवैध परिवहन संचालन पर रोक तथा कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ देने की मांग की प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल और प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने कहा कि परिवहन निगम जनसेवा और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, इसलिए कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने प्रतिनिधिमंडल को सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री रामप्रीत यादव, बालमुकुंद सुयाल, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक साहा, कुलबीर सिंह और रूप सिंह भी मौजूद रहे।