मोटरसाइकिल की टक्कर लगने से मौत होने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। श्यामपुर निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, सरोज निवासी ग्राम धनपुरा ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि 11 जून को उसके पति टीटू (40) मोटरसाइकिल से अपने कार्य के लिए जा रहे थे। कनखल में पायलट बाबा आश्रम के पास पहुंचते ही सामने से नरपाल उर्फ नेपाल निवासी ग्राम श्यामपुर कांगड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी।
हालत गंभीर होने पर टीटू को एम्स रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 18 जून को उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय चक्कर कटवाए। इस पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। एसओ मुकेश चौहान ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद