रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में युवक को रास्ते में रोककर चार भाइयों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मिथलेश पत्नी नरेश कुमार निवासी पीठ बाजार ज्वालापुर ने शिकायत देकर बताया कि बुधवार को उसका बेटा शिवम काम करने के बाद अपने घर लौट रहा था। तभी सुभाषनगर में बहुजन समाज पार्टी कार्यालय के पास चार भाई सागर, हैप्पी, गौतम, गोल्डी ने रास्ते में रोक लिया। इसके बाद शिवम पर जानलेवा हमला कर दिया। चारों ने धारदार हथियारों से उसके सिर पर वार किया। सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसके सिर में 32 टांके लगे हैं। वह अस्पताल में भर्ती है और हालत नाजुक बनी है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद