साइबर ठग लोगों के बैंक खाते खाली करने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब लाटरी जीतने का बधाई संदेेश भेजकर ठगी करने का नया तरीका ठगों ने निकाला है। इतना ही नहीं वाट्सएप पर मैसेज भेजकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन की फोटो की मदद से ठगी की कोशिश की जा रही है।
अब ठगों ने मोबाइल नंबर पर लॉटरी निकलने के नाम पर ठगी करनी शुरू कर दी है। ठग मैसेज में कहते हैं कि आपका नंबर लकी है। इस नंबर पर 25 लाख रुपये की लाटरी निकली है। इस दौरान वह एक आडियो भी साझा करते हैं। जिसमें बैंक अधिकारी से वाट्सएप मैसेज करने के लिए कहा जाता है, जो लोग लालच में आकर उनके कहने के मुताबिक वाट्सएप पर काल कर लेते हैं, उन्हें ठग नुकसान पहुंचा देते हैं। ठग कहते हैं कि कई देशों के मोबाइल नंबरों का ड्रा हुआ था, जिसमें आपका नंबर निकला है। कहता है कि रिजर्व बैंक में आपकी लाटरी का धन सुरक्षित है। आपको आरबीआइ के अधिकारी से बात करनी होगी। उसका नंबर हमने दे दिया है। इस नंबर को अपने मोबाइल में फीड करके वाट्सएप से ही काल करें। लेकिन, ऐसा कहीं होता है कि बैंक अधिकारी वाट्सएप पर ही बात करेगा। सच्चाई यह है कि इस तरह कोई लाटरी नहीं निकलती है। यह ठगों के गिरोह हैं, जो विदेश में बैठकर ही लोगों के खातों को साफ कर देता हैं।
ठगों से सावधान रहें। इस तरह की कोई भी कॉल आए तो अपना गोपनीय कोड बिल्कुल न बताएं। घर पर भी सबको समझा दें। तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि समय से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।