अवैध खनन के मलाईदार धंधे में सिस्टम से लेकर नेता सब के हाथ कालिख से सने हुए हैं। शुक्रवार को पुरानी कुंडी में जो कुछ हुआ वह भविष्य के लिहाज से ठीक नहीं है। ऐसे में अब अवैध खनन को लेकर खून-खराबा होना तय सा दिखाई दे रहा है।
गंगा की कोख से निकलने वाले सफेद सोने में हर कोई हाथ आजमा रहा है। पहले खनन को लेकर किसी की दिलचस्पी नहीं होती थी लेकिन अब यह मालामाल होने का आसान तरीका बन गया है। प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी, नेता, विधायक एवं बदमाश अब हर कोई इस धंधे में हाथ आजमा रहा है।
यही कारण है कि अवैध खनन अब मोटी कमाई का बड़ा जरिया बन चुका है। यही वजह है कि अब यह खेल कई गुना खतरनाक हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक हथियारबंद लोग गंगा तट पर खुलेआम घूमते हैं। पुलिस भी आती है लेकिन वह भी इन्हें देखकर नजरें फेर लेते हैं।
कोई ग्रामीण यदि खनन माफिया का विरोध करने की हिम्मत करता है तो उससे पूरी रंजिश रखी जाती है। शुक्रवार को कांग्रेसी विधायक चैंपियन एवं खनन करने वालों के बीच जो कुछ हुआ वह खतरे की घंटी से कम नहीं है। बताया जा रहा है कि सत्ता पक्ष के करीबी पूर्व विधायक के इशारे पर पथरी, लक्सर एवं श्यामपुर में अवैध खनन की जड़े मजबूत हो रही है।