रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में आर्टिफिशियल ज्वेलरी चुराने के आरोप में दुकानदारों ने मुजफ्फरनगर के एक परिवार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया। बिना शिकायत के ही मुजफ्फरनगर का परिवार वापस चला गया। घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है।
रोड़ीबेलवाला में लगी एक ज्वेलरी की दुकान में यात्री परिवार खरीदारी करने पहुंचा। परिवार जब बिना कुछ खरीदे ही वहां से चलने लगा, तब दुकानदार ने कंगन चोरी करने का आरोप लगाते हुए उन्हें रोक लिया। इसी बात को लेकर यात्रियों की दुकानदार से तू-तू-मैं-मैं हो गई। हो-हल्ला होने पर आसपास के दुकानदार भी एकत्र हुए।
फिर यात्री परिवार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। घटना की सूचना मिलने पर रोड़ीबेलवाला चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को चौकी लाया गया। यहां मुजफ्फरनगर का परिवार बिना शिकायत किए निकल गया। चौकी प्रभारी पूरण सिंह ने बताया कि इस संबंध में कोई भी मामला दर्ज नहीं हुआ है।